News & Events
आज़ादी का अमृत महोत्सव | Amrut Mahotsav – 75 Years of Independence
- March 13, 2021
- Posted by: Maya
- Category: Editorial RSTV/Videos Uncategorized

आज़ादी का अमृत महोत्सव | Amrut Mahotsav – 75 Years of Independence
राज्य सभा टीवी के ख़ास प्रोग्राम देश देशांतर के इस अंक में आज बात आज़ादी का अमृत महोत्सव की. देश 15 अगस्त 2022 को अपनी आजादी के 75 साल पूरे करने जा रहा है। स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम मनाने का फैसला किया है। 75 सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानि 12 मार्च को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्म स्थली साबरमती आश्रम से किया। ये कार्यक्रम 15 अगस्त, 2022 से 75 सप्ताह पहले आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के आगाज के लिए 12 मार्च का दिन इसलिए चुना गया है क्योंकि इसी दिन महात्मा गांधी ने दांडी यात्रा की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री ने दांडी मार्च को भी हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत की उपलब्धियां सिर्फ हमारी अपनी नहीं हैं, बल्कि ये पूरी दुनिया को रोशनी दिखाने वाली हैं। कोरोना काल में ये हमारे सामने प्रत्यक्ष सिद्ध भी हो रहा है। मानवता को महामारी के संकट से बाहर निकालने में, वैक्सीन निर्माण में भारत की आत्मनिर्भरता का आज पूरी दुनिया को लाभ मिल रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया के देश भारत का धन्यवाद कर रहे हैं, भारत पर भरोसा कर रहे हैं। यही नए भारत के सूर्योदय की पहली छटा है। यही हमारे भव्य भविष्य की पहली आभा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम, 75 पर विचार, 75 पर उपलब्धियां, 75 पर कार्य और संकल्प- ये पांच स्तंभ देश को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान देशवासियों के सुझावों से अनगिनत आइडियाज निकलेंगे, इस महोत्सव में जन भागीदारी और जन सामान्य को जोड़ने की जरूरत है, कोई भी नागरिक इसका हिस्सा बनने से न छूटे। देश देशांतर में आज हम आजादी के अमृत महोत्सव पर चर्चा करेंगे.